अमृत भारत स्टेशन योजना: PM मोदी ने किया छत्तीसगढ़ के 3 स्टेशनों का लोकार्पण

डबल इंजन सरकार में छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का हो रहा अभूतपूर्व विस्तार : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में रेल अधोसंरचना का व्यापक आधुनिकीकरण हो रहा है और इसका प्रत्यक्ष लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिल रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के चांपा, बालोद एवं सरोना रेलवे स्टेशनों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल लोकार्पण प्रदेश के रेल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस जनहितकारी पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति सोशल मीडिया हैंडल एक्स में पोस्ट कर आभार व्यक्त करते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से छत्तीसगढ़ में आधारभूत अधोसंरचना का तेजी से विकास हो रहा है, जिसका लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक नागरिक तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इन रेलवे स्टेशनों के विकसित होने से यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा। बेहतर प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, स्वच्छ परिसर, आधुनिक यात्री सुविधाएं तथा उन्नत अधोसंरचना से आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास का सशक्त आधार है। चांपा, बालोद और सरोना जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों के उन्नयन से व्यापार, पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था तथा क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी। इससे लोगों के लिए आवागमन अधिक सुगम होगा और रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है। प्रदेश में नई रेल परियोजनाओं, दोहरीकरण, विद्युतीकरण तथा आधुनिक रेलवे सुविधाओं के विस्तार से विकास को नई दिशा मिल रही है। यह परिवर्तन विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के संकल्प को और अधिक मजबूत करेगा।

See also  जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल ने की पत्रकारों से चाय पर चर्चा

राज्यपाल रमेन डेका सरोना रेलवे स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में हुए शामिल

सरोना रेलवे स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। राज्यपाल रमेन डेका ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्रालय का अभिनंदन करते हुए कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, दिव्यांगजन अनुकूल तथा स्थानीय सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरोना रेलवे स्टेशन का नया स्वरूप केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि नए भारत की नई सोच, नई गति और विकासोन्मुख कार्य संस्कृति का प्रतीक है। यहां विकसित आधुनिक सुविधाओं से यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी और यह स्टेशन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को भी प्रदर्शित करेगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना के विस्तार के लिए अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य जारी है, जिससे उद्योग, व्यापार, कृषि, पर्यटन और रोजगार को नई गति मिलेगी। रायपुर के निरंतर विस्तार को देखते हुए सरोना स्टेशन का आधुनिकीकरण राजधानी क्षेत्र की बढ़ती परिवहन आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। राज्यपाल ने नागरिकों से स्टेशन की स्वच्छता, सुरक्षा और सुव्यवस्था बनाए रखने में रेलवे प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया। इस अवसर पर रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी अपना संबोधन दिया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्कूली बच्चों के लिए आयोजित ड्राइंग, पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को राज्यपाल ने पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी। कार्यक्रम में नगर पालिका निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, रायपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानंद, जनप्रतिनिधिगण, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *