निमया फाउंडेशन ने संगीत पुरोधा रामदास अग्रवाल का किया सम्मान
रायपुर। पुरानी बस्ती रायपुर स्थित अग्रवाल भवन में 19 जुलाई को संपन्न कर्णप्रिय गीतों की श्रृंखला नाम रह जाएगा– सीज़न 6 में निमया सेवा-जतन फाउंडेशन द्वारा सम्मानित होने के पूर्व लता मंगेशकर हॉल के सृजनकर्ता रामदास अग्रवाल ने अपने उदगार व्यक्त करते हुए कहा कि… संगीत जनमानस के तनाव को कम कर मन को पंख लगा उसकी कल्पना को उड़ान देता है तथा हर चीज को जीवंत बना देता है। इसीलिए मैं दशकों से संगीत का उपासक हूं एवं औरों को भी सुरताल से जोड़ने का प्रयास करता हूं ।
संगीत, कला,शिक्षा सेवा और पर्यावरण के क्षेत्र में काम करने वाले निमया सेवा जतन फाउंडेशन की अध्यक्ष एमजेएफ लायन मधु यादव और छत्तीसगढ़ प्रगतिशील यादव महासंघ के महासचिव निरंजन सिंह यादव ने बताया कि संगीत के पुरोधा दाऊ रामदास अग्रवाल अपने म्यूजिक एकेडमी में केवल उन नई पौध या किशोरों को अवसर देते हैं जो केवल सिंगर या गायक ना बने अपितु उचित शिक्षा दीक्षा ग्रहण कर परिवार की आय का प्रमुख स्तंभ बने तथा म्यूजिक के शौक को जीविकोपार्जन के समानांतर रखें ।
सुरमई संध्या के इस अवसर पर संगीत की निस्वार्थ सेवा करने वाले रामदास अग्रवाल का पटका पहना तथा स्मृति चिन्ह देकर यादव दंपति ने उनका अभिनंदन किया तत्पश्चात अपने चुटीले अंदाज से समां बांधने वाले लोकप्रिय एंकर सरदार रविंद्र सिंह दत्ता ने उनके दीर्घायु होने की मंगल कामना की। अपनी तान तथा स्वर लहरियों से वातावरण में मिठास घोलने में दक्ष श्री गौतम देवनानी, मनोहर ठाकुर, राजेश गोयल, कुमारी हर्षिका मल, भूमिका साहू संचिता भट्टाचार्य ने मनमोहन गीत गाकर खूब तालियां बटोरी तथा कुमारी अपूर्वा वाटे के माधुर्य भरे मंच संचालन ने श्रोताओं को बांधे रखा ।।
