नई दिल्ली। जुलाई 2026 भारतीय ऑटो रिटेल इंडस्ट्री के लिए ऐतिहासिक महीना रहा है. फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के मुताबिक, जुलाई में कुल ऑटो रिटेल बिक्री सालाना आधार (YoY) पर 25.89% बढ़कर 25,91,138 यूनिट रही. खास बात यह रही कि इतिहास में पहली बार सभी प्रमुख कैटेगरी ने अपना ‘बेस्ट-एवर जुलाई’ प्रदर्शन दर्ज किया.
- जुलाई में पैसेंजर व्हीकल (PV) रिटेल बिक्री 19.13% बढ़कर 4,16,555 यूनिट रही.
- टू-व्हीलर (2W) रिटेल बिक्री 28.25% बढ़कर 18,18,289 यूनिट पर पहुंच गई.
- कमर्शियल व्हीकल (CV) रिटेल बिक्री 24.04% बढ़कर 99,666 यूनिट रही.
- थ्री-व्हीलर (3W) बिक्री 16.16% बढ़कर 1,33,778 यूनिट रही.
- ट्रैक्टर रिटेल बिक्री 28.10% बढ़कर 1,17,349 यूनिट रही.
- व्हील्ड कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट (CE) सेगमेंट में भी 46.07% की मजबूत बढ़ोतरी दर्ज.
कुल इलेक्ट्रिक वाहन (EV) रिटेल बिक्री भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचकर 3,27,901 यूनिट रही. जुलाई 2026 में EV की कुल पेनेट्रेशन करीब 12.7% रही, जबकि जुलाई 2025 में यह 9.6% थी.
FADA ने कहा कि GST 2.0 से जुड़ी किफायती कीमतें, बेहतर होता मानसून और त्योहारी सीजन की शुरुआत ने बिक्री को मजबूती दी. हालांकि भारी बारिश, बाढ़ और दक्षिण भारत के Aadi/Shravan सीजन का असर मासिक (MoM) प्रदर्शन पर देखने को मिला. इसके बावजूद ग्रामीण बाजार ने सभी छह कैटेगरी में शहरी बाजार से बेहतर सालाना वृद्धि दर्ज की.
FADA के डीलर सर्वे के मुताबिक, 74.30% डीलरों को अगस्त में बिक्री बढ़ने की उम्मीद है, जबकि 22.90% ने स्थिर रहने और केवल 2.80% ने गिरावट की संभावना जताई है.अगस्त में स्वतंत्रता दिवस के आसपास नए लॉन्च, 16-26 अगस्त के बीच ओणम, 28 अगस्त को रक्षाबंधन, बेहतर ग्रामीण नकदी प्रवाह और कम बेस का फायदा मिलने की उम्मीद है. हालांकि अच्छी बारिश, E20 नीति को लेकर स्पष्टता और पुराने PV स्टॉक पर नजर बनी रहेगी.
अगले तीन महीनों (अगस्त-सितंबर-अक्टूबर) के लिए 87.85% डीलरों ने ग्रोथ की उम्मीद जताई है, जो हाल के साल का सबसे मजबूत कारोबारी भरोसा माना जा रहा है. हालांकि कच्चे तेल की कीमतों, रुपये में उतार-चढ़ाव और बढ़ती PV इन्वेंट्री को प्रमुख जोखिम बताया गया है.
