वेदांता पावर ने बाल विवाह के विरुद्ध बढ़ाई जागरूकता

शेयर करें

300 लड़कियों को शिक्षा, कौशल विकास और सामुदायिक पहलों के माध्यम से बनाया सशक्त

सक्ती। बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और बालिकाओं की शिक्षा एवं अधिकारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वेदांता पावर सक्ती थर्मल पावर प्लांट ने अपने सामुदायिक विकास कार्यक्रम ‘प्रोजेक्ट विद्या’ के तहत एक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया। ‘बाल विवाह का अंत करें और बालिकाओं के अधिकारों में निवेश करें’ विषय पर आधारित इस नाटक का मंचन सक्ती जिले के ओडेकेरा शासकीय माध्यमिक विद्यालय में छात्रों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों, समुदाय के सदस्यों और स्थानीय हितधारकों ने भाग लिया तथा बाल विवाह की रोकथाम, बालिका शिक्षा और समान अवसरों के महत्व पर चर्चा की।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्रों ने प्रभावशाली कहानी-कथन और संवादों के जरिए बाल विवाह से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि कम उम्र में विवाह किस तरह लड़कियों की शिक्षा, व्यक्तिगत विकास और भविष्य की संभावनाओं को प्रभावित कर सकता है। नाटक में विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल करने वाली महिलाओं की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया गया और समुदाय से आह्वान किया गया कि वे लड़कियों को अपनी शिक्षा पूरी करने, कौशल विकसित करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रोत्साहित करें।इस पहल ने यह संदेश दिया कि जब लड़कियों को शिक्षा, कौशल विकास और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलते हैं, तो वे न केवल अपना भविष्य संवारती हैं, बल्कि एक अधिक समावेशी, सशक्त और प्रगतिशील समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।
बालिकाओं के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए, वेदांता पावर ने ‘प्रोजेक्ट विद्या’ और ‘प्रोजेक्ट सखी’ के माध्यम से अब तक लगभग 300 लड़कियों की शिक्षा, कौशल विकास और व्यक्तिगत प्रगति को सहयोग दिया है। इन पहलों का उद्देश्य बालिकाओं को आवश्यक ज्ञान, आत्मविश्वास और अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने भविष्य के बारे में स्वतंत्र रूप से निर्णय ले सकें।
इस अवसर पर राजिंदर सिंह आहूजा, सीईओ एवं पूर्णकालिक निदेशक, वेदांता पावर लिमिटेड ने कहा, “वेदांता पावर में हमारा मानना है कि हमारी जिम्मेदारी विश्वसनीय बिजली उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे आसपास के समुदायों की प्रगति में योगदान देना भी इसका अभिन्न हिस्सा है। बालिकाओं को शिक्षा और सशक्तीकरण के अवसर उपलब्ध कराना एक उज्ज्वल और समावेशी भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रोजेक्ट विद्या और प्रोजेक्ट सखी जैसी पहलों के माध्यम से हम लड़कियों को आवश्यक कौशल, आत्मविश्वास और समान अवसर प्रदान करने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें, समाज की प्रगति में योगदान दें और अपने समुदायों में सकारात्मक बदलाव की वाहक बनें।”
इस पहल की सराहना करते हुए मीना चौहान, सरपंच, ओडेकेरा ने कहा, “आज शिक्षा और जागरूकता लड़कियों के लिए नए अवसर खोल रही हैं। वे अपनी पढ़ाई पूरी कर रही हैं, करियर के विकल्प तलाश रही हैं और जीवन में आगे बढ़ रही हैं। वेदांता पावर की सीएसआर टीम ने बाल विवाह की रोकथाम, लैंगिक समानता और बालिका शिक्षा के महत्व पर जागरूकता बढ़ाने के लिए जो पहल की है, वह सराहनीय है। ऐसे प्रयासों से समुदाय को लड़कियों की शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य के लिए आगे आने की प्रेरणा मिलती है।”
गीता राठिया, सदस्य, ओडेकेरा विद्यालय प्रबंधन समिति ने कहा, “लड़कियां किसी भी क्षेत्र में लड़कों से कम नहीं हैं और उन्हें अपनी प्रतिभा एवं क्षमताओं को साबित करने के समान अवसर मिलने चाहिए। वेदांता पावर सक्ती थर्मल पावर प्लांट द्वारा आयोजित इस नुक्कड़ नाटक ने बालिकाओं की शिक्षा, अधिकारों और सशक्तीकरण का महत्वपूर्ण संदेश समुदाय तक पहुंचाया है। इस तरह की जागरूकता पहलें लोगों की सोच में सकारात्मक बदलाव लाने और लड़कियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।”
कार्यक्रम ने बाल विवाह की रोकथाम और बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए परिवारों, विद्यालयों और समुदायों की साझा जिम्मेदारी को रेखांकित किया। वेदांता पावर सक्ती थर्मल पावर प्लांट, प्रोजेक्ट विद्या और प्रोजेक्ट सखी जैसी पहलों के माध्यम से, बालिकाओं को शिक्षा एवं विकास के अवसर उपलब्ध कराने और एक अधिक समान, सशक्त तथा प्रगतिशील समाज के निर्माण की दिशा में अपने प्रयास जारी रखे हुए है।

See also  सिविल लाइंस सिंधी पंचायत ने जरूरतमंदों को छतरियां बांटी

शेयर करें
लॉन्च हुई Nissan Tekton